फलोदी में जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित कुमार सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। इसमें भारत निर्वाचन आयोग की ओर से 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के कार्यक्रम की जानकारी दी गई। बैठक में पुनरीक्षण की समय-सारणी के साथ पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने और प्रविष्टियों में सुधार कराने की प्रक्रिया समझाई गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में पंजीकरण करना और सूची की प्रविष्टियों को अपडेट करना है। 12 नवंबर से लिए जाएंगे दावे-आपत्तियां निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एकीकृत मतदाता सूची का प्रारूप 12 नवंबर 2026 को जारी होगा। इस पर 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां ली जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा। अलग-अलग काम के लिए अलग फॉर्म उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका तलानिया ने बताया कि मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा। नाम हटवाने या किसी प्रविष्टि पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 और निवास स्थान बदलने, प्रविष्टियों में सुधार, मतदाता फोटो पहचान पत्र बदलने या दिव्यांग मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-8 में आवेदन किया जा सकता है। नागरिक भारत निर्वाचन आयोग के वोटर सर्विस पोर्टल voters.eci.gov.in और ECINET ऐप के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने पात्र नागरिकों और राजनीतिक दलों से नाम जुड़वाने, सुधार कराने या नाम हटवाने के लिए ऑनलाइन अथवा बीएलओ के जरिए आवेदन करने की अपील की। बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।