पिंडवाड़ा के भामाशाह निर्मल कुमार लालचंद जैन और आरती निर्मल जैन ने जयपुर में उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा से मुलाकात की। उन्होंने सरकार को 3.5 करोड़ रुपए की 4 बीघा 43 बिस्वा जमीन दान दी है। इस पर 6 करोड़ रुपए की लागत से कॉलेज भवन बनाया जाएगा। डिप्टी सीएम बैरवा ने उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए इस पहल की सराहना की। सिरोही में भामाशाहों की मदद से बनेगा 5वां कॉलेज इस मुलाकात के दौरान उनके बेटे भाविक निर्मल जैन, सामाजिक कार्यकर्ता महावीर जैन और समाजसेवी सुरेश भाई रावल भी मौजूद रहे। सिरोही जिले में भामाशाहों की मदद से यह 5वां कॉलेज बनेगा। पिछले 5 सालों में 6-6 करोड़ रुपए के 4 कॉलेज पहले ही बन चुके हैं। सरकार ने भामाशाह निर्मल लालचंद जैन परिवार के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। कॉलेज शिक्षा आयुक्त नथमल डिडेल ने निर्मल जैन, आरती जैन और भाविक एन जैन का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने का यह निर्णय क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। एमओयू करने पर आभार जताया मैकेनिकल इंजीनियरिंग और केमिकल व्यवसाय से जुड़े उद्योगपति भामाशाह निर्मल जैन ने गुलदस्ता देकर आयुक्त नथमल डिडेल का स्वागत करते हुए एमओयू करने पर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कॉलेज शिक्षा आयुक्तालय के सयुक्त निदेशक डॉ. आलोक चतुर्वेदी, पिंडवाड़ा कॉलेज के प्रिंसिपल मोहनलाल, प्रेरक महावीर जैन और सुरेश रावल ने भी भामाशाह को जनहित के इस कार्य के लिए स्वागत करते हुए बधाई दी।