धौलपुर में राजस्थान पुलिस का 77वां स्थापना दिवस गुरुवार को पुलिस लाइन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत परेड से हुई, जिसकी सलामी पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने ली। उन्होंने जवानों के अनुशासन और समर्पण की सराहना की। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडीएफ) कमल कुमार जांगिड़, आरएसी डिप्टी कमांडेंट सुरेश सांखला और सीओ सिटी कृष्णराज जांगिड़ सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी व जवान मौजूद रहे। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। ड्यूटी के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों की पत्नियों को भी सम्मानित कर उनके त्याग और बलिदान को याद किया गया। उपस्थित लोगों ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने अपने संबोधन में कहा कि राजस्थान पुलिस हमेशा जनता की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और सेवा के लिए समर्पित रही है। उन्होंने यह भी कहा कि शहीद जवानों का बलिदान पुलिस बल के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा और उनकी विरासत को आगे बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है।