प्रतापगढ़ में भारत आदिवासी पार्टी के जिलाध्यक्ष मुकेश बरोड़ के नेतृत्व में बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग को लेकर प्रशासन को चेतावनी दी गई है। पार्टी ने मांग की है कि अगर तकनीकी कारणों या लोड की वजह से बिजली कटौती जरूरी हो, तो संबंधित फीडर क्षेत्र में एक दिन पहले कटौती का शेड्यूल जारी किया जाए। इससे लोगों को परेशानी नहीं होगी। पार्टी ने यह भी मांग की कि जले हुए ट्रांसफार्मरों को 24 घंटे के अंदर बदला जाए। साथ ही, उपभोक्ताओं की सहूलियत के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए जाएं। इसके अलावा, कृषि फीडर और किसानों को दिन में 3 फेज में 12 घंटे बिजली देने की मांग भी रखी गई। बरोड़ ने बताया कि ग्रामीण इलाकों में बिजली कटौती और खराब व्यवस्था से लोगों और किसानों को काफी दिक्कत हो रही है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि अगर 7 दिन के अंदर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो भारत आदिवासी पार्टी जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर सामूहिक धरना और घेराव करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि अगर आंदोलन होता है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।