दीपावली से पहले प्रतापगढ़ में शुद्ध खाद्य सामग्री देने के लिए 'शुद्ध आहार-मिलावट पर वार' अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने एक गोदाम का अचानक निरीक्षण किया। जांच के दौरान वहां रखे 58.6 लीटर देसी घी में मिलावट का शक हुआ। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा आयुक्त अविचल चतुर्वेदी और सीएमएचओ डॉ. नागेंद्र सिंह सिसोदिया के निर्देश पर हुई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामेश्वर मीणा ने सैंपलिंग और जब्त करने की कार्रवाई की। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी कल्पना पटेल भी शामिल थीं। अधिकारियों को घी की शुद्धता पर संदेह हुआ, क्योंकि मौके पर कोई संतोषजनक दस्तावेज नहीं मिले। रामेश्वर मीणा ने तुरंत घी के नमूने लिए और पूरे स्टॉक को जब्त कर लिया। इन नमूनों को सरकारी लैब में जांच के लिए भेजा गया है। लैब रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।