प्रतापगढ़ में राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद और वनवासी कल्याण आश्रम के पदाधिकारियों ने गुरुवार को राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इसमें मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने की मांग की गई। ये ज्ञापन जिला कलेक्टर के जरिए भेजा गया। ज्ञापन में बताया गया कि गोविंद गुरु के भगत आंदोलन ने जनजातीय समाज में सुधार और राष्ट्रीय चेतना जगाई थी। 17 नवंबर 1913 को मानगढ़ पहाड़ी पर अंग्रेजों की गोलीबारी में कई जनजातीय महिला, पुरुष और बच्चों ने जान दी थी। परिषद ने मानगढ़ धाम को तुरंत राष्ट्रीय स्मारक बनाने और इसके संरक्षण के लिए ठोस योजना बनाने की मांग की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 1 नवंबर 2022 की यात्रा और राष्ट्रपति की 4 अक्टूबर 2024 को बलिदानियों को श्रद्धांजलि देने का भी जिक्र है। ये ज्ञापन राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद के प्रांत श्रद्धा जागरण प्रमुख मदन लाल गर्ग के नेतृत्व में और जिला अध्यक्ष रामचंद्र मीणा की अध्यक्षता में सौंपा गया। इस दौरान पृथ्वीराज मीणा, मोहन मीणा, सुगना मीणा सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।