प्रतापगढ़ शहर में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ रसद विभाग ने कार्रवाई की। विभागीय टीम ने होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से दो दर्जन से ज्यादा घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल की शिकायतें मिलने के बाद यह जांच अभियान चलाया गया। जिला कलेक्टर कार्यालय में मिली शिकायतों के बाद डीएसओ हरि प्रसाद के नेतृत्व में टीम ने शहर के होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की। टीम में ईओ लालशंकर डामोर और प्रदीप परमार भी शामिल रहे। जांच के दौरान व्यावसायिक कामों में इस्तेमाल किए जा रहे घरेलू गैस सिलेंडरों को जब्त किया गया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही सिलेंडर हटाए विभागीय कार्रवाई की खबर फैलते ही होटल संचालकों में हलचल मच गई। टीम के पहुंचने की सूचना मिलने पर कुछ प्रतिष्ठानों से घरेलू सिलेंडर पहले ही हटा दिए गए थे। इसके चलते कई जगहों पर जांच टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा। रसद विभाग ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग की जांच आगे भी जारी रहेगी। ऐसे मामले सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।