सीकर के उद्योग नगर थाना इलाके में जयपुर-झुंझुनूं बाईपास पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर शॉप के चबूतरे से भिड़ गई। ओवरटेक करने के दौरान सामने बाइक आने की वजह से यह हादसा हुआ। कार सवार युवती सहित 2 लोग घायल हो गए। पुलिस ने कार को थाने पर खड़ी करवाया है। उद्योग नगर थाना SHO राजेश कुमार बुडानिया ने बताया कि घटना जयपुर-झुंझुनूं बाईपास की है। कार चालक संदीप अपनी बहन के साथ गोकुलपुरा से बगिया होटल की तरफ जा रहा था। इसी दौरान वह किसी गाड़ी को ओवरटेक करने वाला था। लेकिन कोई बाइक आगे आ गई। बाइक वाले को बचाने के चक्कर में उसने गाड़ी को किनारे की तरफ मोड़ना चाहा। लेकिन गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नीचे उतरकर दुकान के चबूतरे से भिड़ गई। घटना में गाड़ी का आगे का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। गाड़ी चलने की हालत में भी नहीं रही। अनियंत्रित होने के बाद कार ने पैदल चल रहे एक आदमी को भी टक्कर मारी। जो चाय पीकर कहीं पर जा रहा था। कार में सवार युवती भी घायल हुई। जिन्हें ट्रीटमेंट के लिए अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक तौर पर पुलिस का मानना है कि कार के तेज रफ्तार में होने की वजह से यह हादसा हुआ। गनीमत रही कि कार चबूतरे से भिड़कर रुक गई। यदि ऐसा नहीं होता तो कार दुकान के अंदर भी घुस सकती थी।