राजस्थान के मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में 85 प्रतिशत स्टेट कोटा सीटों पर दाखिले के लिए आयोजित स्ट्रे-वैकेंसी राउंड का प्रोविजनल सीट आवंटन परिणाम मेडिकल एवं डेंटल काउंसलिंग बोर्ड की ओर से जारी कर दिया गया है। कुल 1 हजार 64 अभ्यर्थियों को सीटें आवंटित की गई हैं। एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि जारी परिणामों में 947 एमबीबीएस और 117 बीडीएस सीटें शामिल हैं। सूची के विश्लेषण में सबसे दिलचस्प तथ्य यह सामने आया है कि ऑल इंडिया 11 लाख 93 हजार 250वीं रैंक हासिल करने वाले अभ्यर्थी को कोटा के एक प्राइवेट मेडिकल कॉलेज में जनरल एमबीबीएस सीट आवंटित हुई है। इस स्टूडेंट ने नीट-यूजी में 720 में से मात्र 177 नंबर यानी 24.58 प्रतिशत नंबर हासिल किए हैं। देव शर्मा के अनुसार, स्ट्रे-वैकेंसी राउंड तक आते-आते सरकारी मेडिकल कॉलेजों की लगभग सभी सीटें भर चुकी थीं। इस लास्ट राउंड में केवल 6 गवर्नमेंट एमबीबीएस सीटें ही आवंटित हो सकी हैं। इन आवंटित सीटों में 4 लड़के और दो लड़कियां शामिल हैं। वर्गवार स्थिति की बात करें तो इनमें से 5 अभ्यर्थी जनरल,ओबीसी-एनसीएल श्रेणी के हैं, जबकि 1 अभ्यर्थी एससी श्रेणी से है। जोधपुर और कोटा मेडिकल कॉलेज की कट-ऑफ रही सबसे ऊपर गवर्नमेंट एमबीबीएस सीटों के आवंटन में सबसे हाई कट-ऑफ एसएन मेडिकल कॉलेज जोधपुर का रहा, जहां अनरिजर्व्ड बॉय कैटेगरी में 585 अंकों पर सीट आवंटित हुई। वहीं गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज कोटा में अनरिजर्व्ड बॉय कैटेगरी की कट ऑफ 584 अंक रही। अन्य सरकारी कॉलेजों में कट-ऑफ का गणित अन्य जिलों के नए व क्षेत्रीय सरकारी मेडिकल कॉलेजों की बात करें तो गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज टोंक में 569 अंक, गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज जैसलमेर में 568 अंक व गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज बांसवाड़ा में 565 अंकों पर सामान्य श्रेणी की सीट आवंटित की गई। इसके अलावा, गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज जैसलमेर में ही एससी कैटेगरी के तहत अंतिम आवंटन 483 अंकों पर हुआ।