राजस्थान रोडवेज के लगभग 10 हजार (9 हजार 400) कर्मचारियों को दिवाली पर बोनस मिलेगा। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (RSRTC) के चेयरमैन ने कर्मचारियों को बोनस और एक्सग्रेशिया (Ex-gratia) देने की मंजूरी दी है। इसके तहत 21 हजार रुपए तक मासिक वेतन पाने वाले कर्मचारियों को बोनस और इससे अधिक वेतन पाने वाले कर्मचारियों को एक्सग्रेशिया दिया जाएगा। तीन साल से निगम कर्मचारियों को दिवाली पर एक्सग्रेशिया नहीं मिला था। तीन साल से नहीं मिला था एक्सग्रेशिया रोडवेज कर्मचारी संगठनों की ओर से लंबे समय से दिवाली पर बोनस और एक्सग्रेशिया देने की मांग की जा रही थी। इस संबंध में उच्च अधिकारियों को ज्ञापन भी दिया गया था। ज्ञापन में बताया गया था कि निगम की स्थापना से लेकर पूर्व के सालों तक राज्य सरकार के आदेशों के अनुरूप कर्मचारियों को दिवाली पर एक्सग्रेशिया दिया जाता रहा है, लेकिन 3 साल से निगम में घाटे का हवाला देकर इसका भुगतान नहीं किया गया। ज्ञापन में यह भी बताया गया था कि निगम प्रबंधन के दावों के अनुसार रोडवेज की संचालन लागत में 600 से 700 करोड़ रुपए की कमी आई है। ऐसे में निगम की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है और वह लाभ की स्थिति में है। कर्मचारी संगठनों ने इसी आधार पर राज्य सरकार के आदेशों के अनुरूप बोनस और एक्सग्रेशिया देने की मांग की थी। 75% राशि कैश मिलेगी, 25% खाते में जमा होगी आदेश के अनुसार- कर्मचारियों को मिलने वाले बोनस या एक्सग्रेशिया की 75% राशि कैश दी जाएगी, जबकि बाकी 25% राशि कर्मचारियों के खाते में जमा होगी। RSRTC Employees GPF Regulation 1989 के Rule 8 के तहत आने वाले कर्मचारियों की 25% राशि उनके GPF खाते में जमा होगी। वहीं Rule 8A के तहत आने वाले कर्मचारियों की राशि GPF-SAB खाते में जमा की जाएगी। इन दोनों श्रेणियों में नहीं आने वाले कर्मचारियों को पूरी राशि कैश में दी जाएगी। कर्मचारी संगठन ने सरकार का जताया आभार राजस्थान परिवहन निगम संयुक्त कर्मचारी फेडरेशन भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि रोडवेज कर्मचारियों को बोनस देने की मांग काफी समय से की जा रही थी। इस संबंध में उच्च अधिकारियों को भी ज्ञापन दिया गया था। राज्य सरकार ने कर्मचारियों की मांगों को मानते हुए बोनस देने की घोषणा की है। कर्मचारी संघ ने इसके लिए सरकार को धन्यवाद दिया है।