नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर जालोर से है। यहां रोडवेज बस और टेंपो में आमने-सामने की भिड़ंत में मां और बेटा-बेटी की मौत हो गई, जबकि 1 बच्चा गंभीर घायल हो गया। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा... पहले टॉप 5 खबरें 1. 16 जिला परिषदों और 104 पंचायत समितियों में वोटिंग पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के पहले चरण में शुक्रवार को 16 जिला परिषदों और 104 पंचायत समितियों में वोटिंग हुई। जोधपुर, कोटा और पाली के कुछ गांवों में लोगों ने मतदान का बहिष्कार किया। बीकानेर में आडूरी ग्राम पंचायत के बूथ पर लाइन में खड़ी वोटर तबीयत खराब होने से गिर गई। पूरी खबर पढ़ें 2. बस-टेंपो की भिड़ंत में मां, बेटा-बेटी की मौत जालोर में रोडवेज बस और टेंपो में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में मां और बेटा-बेटी की मौत हो गई, जबकि 1 बच्चा गंभीर घायल हो गया। मां ने नवरात्रि में ही बेटे को नया टेंपो दिलाया था। परिवार रामसीन गांव में मंदिर दर्शन कर घर लौट रहा था। पूरी खबर पढ़ें 3. खाद के लिए लाठी लेकर सड़क पर उतरे नरेश मीणा बारां जिले के छबड़ा में खाद नहीं मिलने से परेशान किसानों ने हाईवे जाम कर दिया। सूचना पर नरेश मीणा मौके पर पहुंचे और किसानों के साथ खेल मैदान आए। यहां पेड़ पर चढ़कर सभी को संबोधित किया। इसके बाद हजारों किसानों के साथ हाथ में लाठी लेकर SDM ऑफिस के बाहर धरने पर बैठ गए। पूरी खबर पढ़ें 4. जेलकर्मियों को धक्का देकर भागा दुष्कर्म का आरोपी सीकर जिले की नीमकाथाना सब जेल से गुरुवार दोपहर दुष्कर्म का आरोपी फरार हो गया। कैदी को कचरा डालने के लिए जेल से बाहर लाया गया था। इसी दौरान वह जेलकर्मियों को धक्का देकर भाग निकला और दीवार कूदकर फरार हो गया। पूरी खबर पढ़ें 5. ज्वेलरी फैक्ट्री में आग, दम घुटने से 2 लोगों की मौत जयपुर के सीतापुरा इंडस्ट्रियल एरिया में सोने की ज्वेलरी बनाने वाली फैक्ट्री में आग लग गई। फैक्ट्री के अंदर काम कर रहे 2 कर्मचारियों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि 5 कर्मचारी बेहोश हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें 6. पशुओं को मरते देख बचाने पहुंचे पति-पत्नी की मौत बाड़मेर जिले के खीपसर गांव में हाईटेंशन लाइन गिरने से पति-पत्नी की मौत हो गई। खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार टूट कर पशुओं के बाड़े पर गिर गया। पशुओं को करंट से झुलसते देख खेत मालिक और पत्नी बचाने पहुंचे। इस दौरान करंट की चपेट में आ गए। पूरी खबर पढ़ें 7. जलते टैंकर को 300 मीटर दौड़ाकर ले गया ड्राइवर कोटा-झालावाड़ नेशनल हाईवे पर केमिकल से भरे एक टैंकर के ब्रेक लाइनर में आग लग गई। चलते टैंकर से धुआं निकलता देख ग्रामीणों ने ड्राइवर को बताया। ड्राइवर जलते हुए टैंकर को दौड़ाकर करीब 300 मीटर दूर एक ढाबे पर ले गया, जहां ग्रामीणों ने ट्यूबवेल चलाकर आग बुझाई। पूरी खबर पढ़ें 8. रिटायर्ड कर्नल ने खुद को गोली मारी जयपुर में रिटायर्ड कर्नल लीला सिंह ने लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया। रिटायर्ड कर्नल मानसिक रूप से बीमार चल रहे थे। घटना के समय घर में उनकी पत्नी, पुत्रवधू और पोता-पोती थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है 9. महिला से शादी करने की जिद, टावर पर चढ़ा युवक अलवर के भिवाड़ी में महिला से शादी करने की जिद्द में एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। महिला पहले से शादीशुदा है। उसने युवक को शादी के लिए मना कर दिया था। गुस्से में युवक 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। समझाने पर करीब 3 घंटे बाद युवक नीचे उतरा। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास 10. पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के नामांकन का आखिरी दिन राजस्थान में पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के नामांकन का 23 अक्टूबर को आखिरी दिन है। भाजपा और कांग्रेस ने अब तक उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं। दोनों पार्टियां कल प्रत्याशियों की लिस्ट जारी करेगी।