बूंदी के तीन युवाओं का प्रतिष्ठित "नेशनल यूथ कॉन्क्लेव 2026" के लिए राष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ है। यह आयोजन 18 से 20 अप्रैल तक ओडिशा राज्य के भुवनेश्वर स्थित कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन एंड टेक्नोलॉजी (किट) विश्वविद्यालय में होगा। इस कॉन्क्लेव में बूंदी के युवा राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे। शहर के बालचंद पाड़ा निवासी रामेष्ट युवा मंडल संस्थान के अध्यक्ष शिखर पंचोली और संस्था के सचिव रोहन गुर्जर का चयन सामाजिक सक्रियता, नेतृत्व क्षमता और जनसेवा के क्षेत्रों में उनके योगदान के लिए किया गया है। वे राजस्थानी कला-संस्कृति को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेंगे। इसके अतिरिक्त, गोठड़ा निवासी योग प्रशिक्षक भूपेन्द्र योगी का चयन योग के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्य और प्रदर्शन के लिए हुआ है। यह कॉन्क्लेव "आर्ट ऑफ गिविंग" की भावना पर आधारित है। इसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागी विभिन्न शारीरिक गतिविधियों, विचार-विमर्श सत्रों और नेतृत्व विकास कार्यशालाओं में भाग लेंगे। कार्यक्रम में संवाद और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।