राजसमंद में दिवेर थाना क्षेत्र में रात के समय सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात करने वाली गैंग के फरार चल रहे तीसरे आरोपी को पुलिस ने गुरुवार को पकड़ लिया। आरोपी को अहमदाबाद से दस्तयाब कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया। उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर चोरी की दोनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। सूने मकानों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया पुलिस के अनुसार, गत 21 अगस्त की रात को महासिंह जी का खेड़ा में हरिओम सिंह चुंडावत, उनके बड़े पिता गणपत सिंह और बड़े भाई प्रद्युम्न सिंह के सूने मकानों में चोरी की वारदात हुई। इसके बाद 24 अगस्त की रात दौलाजी का खेड़ा निवासी मानसिंह के मकान का ताला तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी कर ली गई थी। दोनो मामलों में दिवेर थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। आरोपी से पूछताछ कर रही है पुलिस एसपी हेमंत कलाल के निर्देशन में थाना इंचार्ज सवाई सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने पूर्व में उम्मेद सिंह और पन्ना सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भिजवा दिया था। वहीं उनका साथी किशोर सिंह उर्फ सिद्धार्थ घटना के बाद से फरार था। पुलिस ने मुखबिर सूचना और तकनीकी सहायता से उसे अहमदाबाद से पकड़ा। अब पुलिस चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरातों की बरामदगी के संबंध में पूछताछ कर रही है।