कुड़गांव| नवरात्र के पावन अवसर पर वांस मंडावरा गांव के खारे कुआं वाले श्री बनखंडी हनुमान मंदिर में मंगलवार को श्रद्धा और भक्ति भावना से उत्प्रोत धार्मिक कार्यक्रम आयोजित हुआ। मंदिर परिसर में आयोजित रामायण पाठ का विधि-विधान के साथ समापन हुआ। इस दौरान कन्या पूजन, हवन-पूजन और ब्राह्मण भोज सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान हुए। कन्याओं को भोजन करवाकर श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के स्वरूप में उनकी पूजा की और सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। समापन अवसर पर आचार्य पंडित कृष्णानंद शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रामायण पाठ संपन्न करवाया। इसके बाद श्रद्धालुओं की उपस्थिति में विधि-विधान से हवन-पूजन किया गया। हवन में आहुतियां देकर परिवार, गांव और क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि तथा खुशहाली की कामना की गई। धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा।