चूरू जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र के वार्ड 2 में एक 33 साल की विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका की पहचान मीनू कुमारी पत्नी दीपक बोड़ा (शर्मा) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली थी और उसकी शादी करीब 8 साल पहले हुई थी। रतनगढ़ थाना के हेड कॉस्टेबल रमेशचंद्र ने बताया कि पुलिस को विवाहिता के घर में मृत मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। परिजनों को सूचना देकर शव को राजकीय जालान अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। परिजनों ने अचानक हुई मौत पर संदेह जताया, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर मेडिकल बोर्ड बनाया। हेड कॉन्स्टेबल रमेशचंद्र की मौजूदगी में शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।