भरतपुर के रूपवास कस्बे से 5 किलोमीटर दूर उप जिला अस्पताल बनाया जा रहा है। इसे लेकर स्थानीय लोगों में गुस्सा है। लोगों का कहना है कि अस्पताल तक आने-जाने के लिए कोई वाहन उपलब्ध नहीं है। ऐसे में मरीजों को अस्पताल पहुंचने में परेशानी होगी। इसी मांग को लेकर गुरुवार को स्थानीय लोगों ने रैली निकाली और SDM को ज्ञापन सौंपा। कस्बे से 5 किमी दूर बन रहा अस्पताल एडवोकेट धीरज शुक्ला ने बताया कि रूपवास में उप जिला अस्पताल प्रस्तावित है, लेकिन इसका निर्माण कस्बे से 5 किलोमीटर दूर चेकौरा ग्राम पंचायत में आवंटित जमीन पर किया जा रहा है। साथ ही कहा- अस्पताल को कस्बे से दूर बनाकर जनता की भावनाओं से खिलवाड़ किया जा रहा है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रस्तावित जगह तक जाने के लिए कोई वाहन भी उपलब्ध नहीं है। ऐसे में मरीजों को परेशानी होगी। लोगों ने उप जिला अस्पताल को कस्बे के पास ही बनाने की मांग की है। विधायक के सामने भी जताया था विरोध उप जिला अस्पताल कस्बे के पास बनाने की मांग को लेकर स्थानीय लोग विधायक ऋतु बनावत से भी मिले थे। विधायक ने भी इस मांग को जायज बताया था। लोगों का कहना है कि अस्पताल कस्बे के पास बनने से मरीज आसानी से वहां पहुंच सकेंगे।