डूंगरपुर में दिवाली के त्योहार पर बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की क्वालिटी जांच करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा दल ने सागवाड़ा में 2 दुकानों का निरीक्षण किया। जांच में रॉयल एंटरप्राइजेज से करीब 150 किलो एक्सपायरी डेट चॉकलेट-कैंडी सहित अन्य कन्फेक्शनरी उत्पाद मिले। जिन्हें मौके पर ही नष्ट करवाया गया। वहीं, मेवाड़ मार्ट से काजू और सरसों के तेल के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। सीएमएचओ डॉ. अलंकार गुप्ता ने बताया कि फूड सेफ्टी ऑफिसर की टीम की ओर से सागवाड़ा स्थित रॉयल एंटरप्राइजेज का निरीक्षण किया। यहां शुगर बॉयल्ड कन्फेक्शनरी, चॉकलेट, कैंडी और अन्य खाद्य सामग्री का स्टॉक मिला। जांच में कई उत्पादों की एक्सपायरी डेट निकल चुकी थी। टीम ने दुकान संचालक की मौजूदगी में करीब 150 किलो सामग्री नष्ट करवाई। खाद्य पदार्थों के नमूने भी जांच के लिए भेजे गए हैं। इसके बाद टीम ने मेवाड़ मार्ट का निरीक्षण किया। यहां काजू और सरसों के तेल के सैंपल लिए गए। इसके बाद सैंपल को जांच के लिए लेबोरेट्री भेजे गए गई। लेब से रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। खाद्य कारोबारियों को दी सख्त हिदायत खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले के सभी खाद्य कारोबारियों, थोक विक्रेताओं और दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और उचित भंडारण का ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उत्पादों पर निर्माण और एक्सपायरी तिथि की जांच सुनिश्चित करने को कहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।