सलूम्बर नवरात्रि महोत्सव के तहत अष्टमी के पावन अवसर पर सलूम्बर शहर के खटीकवाड़ा, भोईवाड़ा एवं गर्ग मोहल्ले में स्थित भदेरिया भैरूजी मंदिर परिसर में हवन का आयोजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठान में मंदिर के भोपाजी, सदस्यों और श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन कुंड में आहुतियां देकर विश्व शांति, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज और भैरूजी के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। अष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर में धार्मिक माहौल रहा। पंडित के मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना और हवन संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेकर परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। हवन के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा। शहर से गांवों तक हुए धार्मिक आयोजन इधर, सलूम्बर शहर सहित आसपास के गांवों में भी अष्टमी के अवसर पर देवी-देवताओं के मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, हवन और यज्ञ अनुष्ठान आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पहुंचकर दर्शन किए और धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया। नवरात्रि के दौरान क्षेत्रभर में भक्ति और उत्साह का माहौल रहा। अष्टमी पर हुए धार्मिक अनुष्ठानों के साथ क्षेत्र में नवरात्रि महोत्सव का समापन हुआ।