जिले में खाद वितरण व्यवस्था की पोल एक बार फिर खुल गई है। ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग और फार्मर आईडी होने के बाद भी किसानों को खाद नहीं मिल रही है। समरानियां क्षेत्र के किसानों को परेशान होकर दुकानों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। समरानियां क्षेत्र के कई किसानों ने फार्मर आईडी के माध्यम से मांगरोल और सीसवाली क्षेत्र में खाद के लिए ऑनलाइन स्लॉट बुक किया था। स्लॉट बुक होने के बाद किसान निर्धारित दुकानों पर पहुंचे, लेकिन दुकानदारों ने खाद होने के बावजूद देने से इनकार कर दिया और किसानों को बैरंग लौटा दिया। समरानियां के किसान वसीम खान ,ओम प्रकाश मेहता का कहना है कि दुकानदारों द्वारा खुलेआम मनमानी की जा रही है। एक तरफ सरकार ऑनलाइन सिस्टम से पारदर्शी वितरण का दावा कर रही है। वहीं, दूसरी तरफ जमीनी हकीकत कुछ और ही है। किसानों ने इसकी शिकायत कृषि विभाग को भी की, लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। शिकायत के बाद भी कृषि विभाग मूकदर्शक बना हुआ है। खरीफ सीजन में खाद नहीं मिलने से किसानों में भारी रोष है। किसानों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि ऐसे दुकानदारों के लाइसेंस निरस्त कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और किसानों को जल्द से जल्द खाद उपलब्ध कराई जाए।