पंचायती राज चुनाव 2026 के मद्देनजर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जैसलमेर की सांगड़ थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने 120 ग्राम अफीम का दूध जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान भगाराम (34) पुत्र मोडाराम निवासी भींयासर के रूप में हुई है। पुलिस ने मादक पदार्थ के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही हुंडई वेन्यू कार भी जब्त की है। जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ सांगड़ थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त, तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई से जुड़े लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है। ऐसे हुई कार्रवाई जैसलमेर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने जिले के थानाधिकारियों और जिला स्पेशल टीम (DST) को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी के तहत सांगड़ थानाधिकारी राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए भगाराम को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 120 ग्राम अफीम का दूध बरामद हुआ। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हुंडई वेन्यू कार भी जब्त कर ली। पुलिस टीम में ये रहे शामिल कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में सांगड़ थानाधिकारी राजेश कुमार, कांस्टेबल मांगीलाल, सुरेश चन्द्र, पहाड़सिंह और सुखराम शामिल रहे। वहीं, जिला स्पेशल टीम में हैडकांस्टेबल एवं प्रभारी भीमराव सिंह, कांस्टेबल हजारसिंह, कैलाश, श्याम लीलगिरी और रमेश शामिल थे। पुलिस के अनुसार जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।