जयपुर के सिटी पैलेस स्थित प्रीतम निवास चौक में गुरुवार को वार्षिक ‘सवाई जयपुर अवॉर्ड्स 2026’ समारोह आयोजित किया गया। ब्रिगेडियर सवाई भवानी सिंह, एमवीसी ऑफ जयपुर की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया गया। समारोह में समाज सेवा, चिकित्सा, संस्कृति, पारंपरिक शिल्प, पर्यावरण, पर्यटन, विज्ञान, पत्रकारिता, साहित्य, शिक्षा, कला, फोटोग्राफी, थिएटर, फिल्म, खेल, उद्योग और विरासत संरक्षण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान को सम्मान दिया गया। कार्यक्रम में बॉलीवुड सिंगर कैलाश खेर और जाने-माने राइटर अमीश त्रिपाठी को भी सम्मानित किया गया। इस मौके पर दैनिक भास्कर डिजिटल के स्टेट हेड किरण राज पुरोहित को भी सम्मानित किया गया। इस वर्ष पुरस्कारों के लिए कुल 25 श्रेणियां निर्धारित की गई थीं। इन पुरस्कारों के नाम जयपुर के इतिहास, राजपरिवार और उससे जुड़ी प्रमुख विभूतियों के नाम पर रखे गए हैं। पुरस्कारों का उद्देश्य समाज और विभिन्न क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले लोगों के योगदान को पहचान देना है। कार्यक्रक में जयपुर पूर्व राजपरिवार के सदस्य सवाई पद्मनाभ सिंह, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और गौरवी कुमारी भी मौजूद रहीं। समाज सेवा से चिकित्सा तक, इन क्षेत्रों में मिला सम्मान समाज सेवा से चिकित्सा तक, इन क्षेत्रों में मिला सम्मान समारोह में राजा दूल्हा राय अवॉर्ड उत्कृष्ट सामाजिक सेवाओं के लिए विमुक्ति संस्था को प्रदान किया गया। संस्कृति के क्षेत्र में अग्रणी कार्य के लिए राजा काकिल देव अवॉर्ड टाटा ट्रस्ट्स को, जबकि चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए राजा पजवन देव अवॉर्ड दे मोहनीश ग्रोवर को दिया गया। जयपुर के पारंपरिक शिल्प के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए राजा भगवंत दास अवॉर्ड प्रो भवानी शंकर शर्मा को प्रदान किया गया। बहादुरी के लिए राजा मान सिंह प्रथम अवॉर्ड राइफलमैन गोविंद सिंह को और सशस्त्र बलों में विशिष्ट सेवा के लिए मिर्जा राजा जय सिंह प्रथम अवॉर्ड कर्नल विक्रमजीत सिंह कहलों को सम्मानित किया गया। पर्यावरण के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए मिर्जा राजा राम सिंह प्रथम अवॉर्ड धीरेन्द्र के गोधा को और पर्यटन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए महाराजा विशन सिंह अवॉर्ड राजीव कोहली को दिया गया। विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए महाराजा सवाई जय सिंह द्वितीय अवॉर्ड डॉ गोबिंद सागर भारद्वाज को प्रदान किया गया। पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए महाराजा सवाई ईश्वरी सिंह अवॉर्ड किरण राजपुरोहित को और समाज सेवा एवं परोपकार के लिए महाराजा सवाई माधो सिंह प्रथम अवॉर्ड रोहित कुमार सिंह को सम्मानित किया गया। साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए महाराजा सवाई प्रताप सिंह अवॉर्ड अमिश त्रिपाठी को प्रदान किया गया। कला, फोटोग्राफी और सिनेमा के क्षेत्र की प्रतिभाएं सम्मानित कला, चित्रकला और मूर्तिकला के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए महाराजा सवाई जगत सिंह अवॉर्ड अनुपम हल्दर को दिया गया। फोटोग्राफी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए महाराजा सवाई राम सिंह द्वितीय अवॉर्ड समर सिंह जोधा को प्रदान किया गया। थिएटर, फिल्म और टेलीविजन के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए महाराजा सवाई माधो सिंह द्वितीय अवॉर्ड कैलाश खेर को सम्मानित किया गया। वहीं, परफॉर्मिंग आर्ट के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए महारानी किशोर कंवर अवॉर्ड चुग्गे खान को दिया गया। खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए महाराजा सवाई मान सिंह द्वितीय अवॉर्ड महावीर प्रसाद सैनी को प्रदान किया गया। महिलाओं की उत्कृष्टता के लिए राजमाता गायत्री देवी अवॉर्ड मेजर डॉ मीरा सिंह को सम्मानित किया गया। राजपरिवार और संस्थागत सेवाओं में योगदान को भी सम्मान एमएसएमएस द्वितीय म्यूजियम ट्रस्ट और जेपीसीटी में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए महारानी मरूधर कंवर अवॉर्ड मानसिंह राजावत को प्रदान किया गया। व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए महाराजा सवाई भवानी सिंह अवॉर्ड माधव सिंघानिया को सम्मानित किया गया। जयपुर राजपरिवार के प्रति वफादारी और अनुशासित सेवाओं के लिए राजमाता पद्मिनी देवी अवॉर्ड सुरेंद्र सिंह शेखावत को दिया गया। नेतृत्व क्षमता और उल्लेखनीय योगदान के लिए राजकुमारी दीया कुमारी अवॉर्ड रितु सिंह को प्रदान किया गया। विरासत और वास्तुकला के संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सवाई पद्मनाभ सिंह अवॉर्ड राधा गोयनका को सम्मानित किया गया। वहीं, स्टार्टअप, नवाचार और आविष्कार के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने और समाज पर सकारात्मक प्रभाव डालने वाले व्यक्ति या संस्था को राजकुमारी गौरवी कुमारी अवॉर्ड कमला पोद्दार को दिया गया। किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए दिया जाने वाला लक्ष्यराज प्रकाश ऑफ सिरमौर अवॉर्ड विश्वजीत को प्रदान किया गया। जयपुर की ऐतिहासिक विरासत और समकालीन उपलब्धियों का संगम ‘सवाई जयपुर अवॉर्ड्स’ के माध्यम से जयपुर के ऐतिहासिक गौरव और समकालीन उपलब्धियों के बीच संबंध को रेखांकित किया गया। कैलाश खेर ने सिटी पैलेस से जुड़ी यादें भी सुनाई इस मौके पर सिंगर कैलाश खेर ने तेरी दीवानी गाने की दो लाइनें भी पेश की और सिटी पैलेस से जुड़ी यादें भी सुनाई। यहाँ अवार्ड लेना घर में सम्मान पाने जैसा है। मैं पला हूँ इस परिवार में, दीया कुमारी ने हमसे संगीत सीखा है। जब सीखा है जब कुछ भी नहीं थे। इस परिवार ने बहुत कुछ दिया है। मेरा गाना सैयाँ गाना तो इसी सिटी पैलेस में ही शूट हुआ है। जिस जगह पर गाने का एक सीन शूट हुआ था, वही पर यह अवॉर्ड मिल अर्ह है। यह मेरे लिए बड़ी बात है। पद्मिनी देवी ने कहा कि जब कैलाश को सुना तब यह बच्चे ही थे, तब मैने कहा कि तुम अच्छा गाते हो मेरी बेटी दिया को तुम सिखाओ। तब इन्होंने कहा कि मेरा कुछ चल नहीं रहा है, आप ही मुझे रख लो, तब मैने कहा कि तुम्हारी जगह बहुत आगे है, मैं तुम्हे अपने पास रखकर के रोक नहीं सकती। तुम्हें बहुत आगे चमकना है और आज हुआ भी यही है।