सवाई माधोपुर के खेरदा क्षेत्र में शनिवार शाम एक महिला पटवारी ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। युवती की पहचान सुनीता गुर्जर पुत्री रामधन गुर्जर निवासी गुर्जर मोहल्ला खेरदा के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शी बोला–रेलवे ट्रैक पर चल रही थी प्रत्यक्षदर्शी लक्ष्मीकांत मीणा ने बताया कि वह लवकुश कॉलोनी से गुजर रहे थे, तभी उन्होंने सुनीता को ट्रैक पर चलते देखा। इसी दौरान सामने से आ रही ट्रेन के लोको पायलट ने युवती को सामने आता देख ब्रेक लगा दिए। ब्रेक लगने से सुनीता ट्रेन के नीचे तो नहीं आई, लेकिन टक्कर से वह गंभीर घायल हो गई। घटना के बाद उन्होंने लड़की को अपनी गाड़ी से जिला अस्पताल पहुंचाया। मुंह से आ रहा खून, हालत गंभीर जिला अस्पताल में सुनीता का उपचार जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक उसके मुंह से खून निकल रहा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल वह कुछ बोलने की स्थिति में नहीं है। इसलिए अभी यह पता नहीं चल सका है कि वह रेलवे ट्रैक पर क्या कर रही थी।