नगर निकाय चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। चुनाव से पहले कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के लिए रविवार शाम सवाई माधोपुर नगर परिषद क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। सीओ सिटी राजेंद्र सिंह मीणा के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहर व बजरिया क्षेत्र के प्रमुख बाजारों और मार्गों से मार्च किया। बजरिया से शुरू हुआ मार्च, पुराने शहर तक पहुंचा पुलिस जाब्ता सीओ सिटी राजेंद्र सिंह मीणा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन में फ्लैग मार्च निकाला गया। इसमें कोतवाली थाना प्रभारी मदन लाल मीणा, थाना प्रभारी सुनील कुमार गुप्ता सहित पुलिस जाब्ता शामिल रहा। मार्च की शुरुआत बजरिया क्षेत्र से हुई। पुलिसकर्मी मुख्य बाजार और प्रमुख मार्गों से होते हुए पुराने शहर पहुंचे। यहां खंडार तिराहे, सदर बाजार और सब्जी मंडी होते हुए दंडवीर बालाजी मंदिर तक मार्च निकाला गया। 72 सीढ़ी स्कूल और हरसहाय जी कटला होते हुए वापस लौटे दंडवीर बालाजी मंदिर के बाद पुलिस जाब्ता 72 सीढ़ी स्कूल और हरसहाय जी कटला होते हुए वापस खंडार तिराहे पहुंचा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने आमजन से निर्भय और निडर होकर मतदान करने की अपील की। अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील, संवेदनशील क्षेत्रों पर रहेगी नजर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। लोगों से शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई। पुलिस प्रशासन के अनुसार नगर निकाय चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया जा सके।