पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत सवाई माधोपुर जिला परिषद सहित बामनवास, बौंली, खण्डार और मलारना डूंगर पंचायत समितियों के सदस्य पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है। अब तक जिला परिषद सदस्य पदों के लिए 69 अभ्यर्थियों ने 81 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। वहीं, जिले की चार पंचायत समितियों में सदस्य पदों के लिए 180 अभ्यर्थियों ने कुल 191 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए हैं। एडीएम संजय शर्मा ने बताया कि पंचायत समिति बामनवास में 44 अभ्यर्थियों ने 47 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। इसी प्रकार बौंली पंचायत समिति में 57 अभ्यर्थियों ने 62, खण्डार में 51 अभ्यर्थियों ने 52 तथा मलारना डूंगर पंचायत समिति में 28 अभ्यर्थियों ने 30 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए हैं। 23 अक्टूबर को नामांकन का अंतिम दिन निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर को नामांकन पत्र दाखिल करने का अंतिम दिन रहेगा। अभ्यर्थी इस दिन दोपहर 3 बजे तक अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे। इसके बाद 24 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। 26 अक्टूबर तक ले सकेंगे नाम वापस नामांकन पत्रों की संवीक्षा के बाद अभ्यर्थी 26 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की समय-सीमा समाप्त होने के तुरंत बाद चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। इसके साथ ही चुनाव मैदान में शेष रहने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।