शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद सभापति अनिल ईनानी ने पद्मिनी मॉल के पास एवं यूआईटी रोड पर दुकानदारों से अतिक्रमण स्वयं हटाने और दुकानों के बाहर साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाने पर नगर परिषद की ओर से आगामी दिनों में कार्रवाई की जाएगी। शहर के प्रमुख मार्गों में शामिल इन क्षेत्रों में दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। दुकानों के बाहर अस्थायी ठेले लगाने, सामान फैलाने और अतिक्रमण करने से यातायात एवं आवागमन प्रभावित होता है। साथ ही, गंदगी के कारण शहर की सुंदरता भी प्रभावित होती है और आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ता है।सभापति ईनानी ने दुकानदारों से अपील की कि वे अपनी दुकानों के बाहर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को स्वयं हटाएं। दुकानों के आसपास नियमित साफ-सफाई रखें तथा कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि शहर के प्रमुख स्थान स्वच्छ एवं व्यवस्थित बने रहें।उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर परिषद की ओर से दुकानदारों को स्वयं अतिक्रमण हटाने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए समझाइश दी जा रही है। इसके बावजूद यदि अतिक्रमण नहीं हटाया जाता है, तो नगर परिषद की टीम संबंधित स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाएगी।सभापति ने व्यापारियों एवं आमजन से नगर परिषद के इस अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पार्षद अशोक सोनी, प्रदीप काबरा, नगर परिषद आयुक्त रविंद्र सिंह, एक्सईएन जितेंद्र मीणा सहित अतिक्रमण निरोधक टीम के सदस्य उपस्थित रहे।