सीकर में हर्ष फायरिंग से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में विंटेज गाड़ी में खड़े होकर एक युवक हर्ष फायरिंग करते हुए नजर आ रहा है। अब इस वीडियो के आधार पर पुलिस जांच कर रही है। वायरल वीडियो सीकर के नेछवा थाना इलाके में मंगलूणा गांव का बताया जा रहा है। जहां पर एक बारात में विंटेज गाड़ी में सवार युवक के द्वारा हवा में फायरिंग की जा रही है। फायरिंग करने वाला युवक विदेश का है। स्थानीय लोगों के अनुसार युवक सऊदी अरब का रहने वाला है। गांव में शादी थी जिसमें ये युवक आया था। मामले में नेछवा थाना SHO रमेश चंद मीणा का कहना है कि हर्ष फायरिंग से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है। इसके संबंध में अभी जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार- गांव के मूल निवासी खुशी मोहम्मद की बारात थी। खुशी मोहम्मद का भाई विदेश में कारोबार करता है। ऐसे में उसकी युवक से दोस्ती थी और युवक यहां शादी में आया था।