SP मैडम, शहर के मोहल्लों में जनरल स्टोर, चौराहों पर देर रात तक मनचलों का जमावड़ा रहता है। वे गुटखा खाते हैं, सिगरेट पीते हैं। लड़कियां-महिलाएं शाम ढले घर से निकल नहीं सकतीं। लड़कों को टोकते हैं तो झगड़े पर उतारू हो जाते हैं। ये समस्या पाली शहर के सिंधी कॉलोनी स्थित धर्मशाला में शनिवार को आयोजित सीएलजी मीटिंग में समाजसेवी विमला मंत्री ने एसपी मोनिका सैन को बताई। मीटिंग में उठे ये मुद्दे SP बोलीं- मोबाइल पर कवर लगाते हो, हादसे से बचने के लिए हेलमेट क्यों नहीं? सीएलजी मीटिंग में लोगों की शिकायतें और सुझाव सुनने के बाद एसपी मोनिका सैन ने कहा- प्लान बनाकर कार्रवाई करेंगे। शहरी क्षेत्र में टू व्हीलर हादस बढ़ रहे हैं। लेकिन शहरवासी खुद की सुरक्षा को लेकर हेलमेट पहनने को राजी नहीं है। उन्होंने कहा- जब आप लोग मोबाइल की सेफ्टी के लिए कवर लगाना नहीं भूलते तो खुद की बेशकीमती जिदंगी की सुरक्षा के लिए बाइक चलाते समय हेलमेट क्यों नहीं पहनते? उन्होंने कहा- साइबर फ्रॉड हो जाए तो तुरंत 1930 पर कॉल करें ताकि ठगी का रुपया होल्ड करवाया जा सके। उन्होंने सभी लोगों को पुलिस का राजकॉप सिटीजन एप डाउनलोड करने की बात भी कही। कहा- ऐप में एसओसी एक बटन है जो पुलिस की मदद बुलाने में काफी काम आता है। खास कर महिलाओं को। पुलिस अधिकारियों का किया सम्मान कार्यक्रम के दौरान एसपी मोनिका सैन, सीओ सिटी मंगलेश चुंडावत, कोतवाल रविन्द्रसिंह खिंची का श्हर के प्रबुद्धजनों ने शॉल ओढ़ाकर और फूलों का गुलदस्ता देकर बहुमान किया। इसके साथ ही पहली बार थाने के बाहर सीएलजी मीटिंग करवाकर लोगों के बीच पहुंचने पर एसपी मोनिका सैन को धन्यवाद दिया।