जिले के बिठौड़ाकलां पंचायत में सरपंच चुनाव की मतगणना के दौरान हुए उपद्रव, पथराव और तोड़फोड़ के मामले में गिरफ्तार किए सभी 6 आरोपियों को मारवाड़ जंक्शन थाना पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। अदालत ने सभी को जेल में भेजने के आदेश दिए। एएसपी ओमप्रकाश चौधरी ने बताया कि बिठौड़ा कलां स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्रथम चरण के चुनाव की मतगणना के दौरान उपद्रवियों ने मतपत्र छीनने का प्रयास किया था। मांग पूरी न होने पर भीड़ ने पुलिस व चुनाव दल पर पथराव करते हुए वाहनों और सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया था। उस पर पुलिस ने 28 नामजद आरोपियों सहित 70 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। उसी मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बिठौड़ा कलां निवासी रामलाल, विक्रम, जीवाराम, जगदीश, अर्जुन और गणपतलाल को मंगलवार तड़के दबिश देकर गिरफ्तार किया था। दूसरे चरण के चुनाव से पहले एसपी ने दिया सख्त संदेश एएसपी चौधरी ने बताया कि जिले में पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण का मतदान व मतगणना होनी है। चुनावी प्रक्रिया में खलल डालने और सरकारी कर्मचारियों पर हमला करने वालों के खिलाफ अदालत व पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से असामाजिक तत्वों को साफ संदेश है। निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराना प्राथमिकता है और उपद्रव करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए सोजत सीओ के निर्देशन में पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।