करौली करौली पंचायत समिति क्षेत्र में पंचायत चुनाव के दौरान सुबह मतदान की रफ्तार धीमी रही, लेकिन दिन चढ़ने के साथ बूथों पर मतदाताओं की आवाजाही बढ़ने लगी। सुबह 10 बजे तक क्षेत्र में 15.38 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। बरखेड़ा, बीरवास, जाटव बस्ती मांची, सायपुर, कोंडर, गुडला, तुलसीपुरा, परीता और ससेड़ी सहित विभिन्न गांवों में दिनभर मतदान का माहौल बना रहा। मतदान के दौरान प्रत्याशियों के समर्थक मतदाताओं को घरों से बूथ तक लाने और वापस छोड़ने में जुटे रहे। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार मतदान केंद्रों से निर्धारित दूरी पर कांग्रेस, भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशियों के समर्थकों ने पर्चियां बांटने के लिए स्टॉल लगाए। वहीं, मासलपुर क्षेत्र के पीपरानी जैसे बूथों पर अधिक दूरी के कारण मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। दिव्यांगों की मदद के लिए आगे आए युवा मतदान के दौरान युवाओं ने दिव्यांग और असहाय मतदाताओं की मदद की। कुछ मतदाताओं को बाइक से बूथ तक लाया गया, जबकि मतदान केंद्रों पर ट्राई-साइकिल की मदद से उन्हें मतदान कक्ष तक पहुंचाया गया। वोट डालने के बाद उन्हें घर छोड़ने में भी सहयोग किया गया। विकास की उम्मीद लेकर पहुंचे युवा पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में उत्साह नजर आया। बीरवास निवासी 20 वर्षीय ज्योति सैनी ने कहा कि गांव के विकास के लिए शिक्षित, ईमानदार और दूरदर्शी जनप्रतिनिधि जरूरी हैं। युवा ऐसा नेतृत्व चाहते हैं, जो स्वच्छता, सड़क, रोशनी और बुनियादी सुविधाओं पर काम करे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए बूथों पर पुलिस बल तैनात रहा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल प्रसाद जांगिड़ ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।