शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 7 ग्राम 986 मिलीग्राम स्मैक जब्त की है। आरोपी की पहचान रईस कुरैशी (42) पुत्र बाबू खान के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब उससे स्मैक की खरीद-फरोख्त और तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार शनिवार रात कोतवाली थाना पुलिस की विशेष टीम गश्त पर थी। इस दौरान ईदगाह रोड पर तांबे की खान के पास कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी रईस कुरैशी को पकड़ा और उसके कब्जे से स्मैक बरामद की। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी स्मैक कहां से खरीदकर लाया था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। अनुसंधान के बाद अन्य खुलासे की संभावना है।