पाली जिले के सोमेसर रेलवे स्टेशन पर बुधवार को आयोजित रेल जनसंवाद कार्यक्रम में मारवाड़ युवा समिति ने बेंगलुरु एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव की मांग उठाई। कार्यक्रम में रेलवे अधिकारी, समिति के पदाधिकारी और क्षेत्र के लोग शामिल हुए। समिति अध्यक्ष हुकमसिंह सेपटावास के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एडिशनल डिवीजन मेंबर नरेंद्र गौतम और स्टेशन अधीक्षक रणविजय कुमार से संवाद किया। इस दौरान क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा की गई और मांग को लेकर ज्ञापन भी सौंपा गया। बेंगलुरु एक्सप्रेस रुकने से यात्रियों को मिलेगी सुविधा समिति अध्यक्ष हुकम सिंह सेपटावास ने कहा कि सोमेसर रेलवे स्टेशन आसपास के कई गांवों के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां बेंगलुरु एक्सप्रेस का ठहराव होने से विद्यार्थियों, व्यापारियों, नौकरीपेशा युवाओं और दक्षिण भारत की यात्रा करने वाले क्षेत्र के लोगों को सुविधा मिलेगी। रेल सुविधाओं का विस्तार समिति की प्राथमिकता हुकम सिंह सेपटावास ने कहा कि क्षेत्र में बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध करवाना और आमजन की समस्याओं का समाधान करना समिति की प्राथमिकता है। इससे पहले भी क्षेत्रवासियों के सहयोग से ट्रेनों के ठहराव को लेकर प्रयास किए गए हैं। अब बेंगलुरु एक्सप्रेस के ठहराव की मांग को लेकर भी समिति लगातार प्रयास करेगी। जनहित की मांगों को रेलवे तक पहुंचाएगी समिति उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य जनहित से जुड़ी मांगों को जिम्मेदारी के साथ रेलवे अधिकारियों तक पहुंचाना और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करना है। प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे प्रशासन से क्षेत्रवासियों की जरूरतों और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए बेंगलुरु एक्सप्रेस के ठहराव पर सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया। ये रहे मौजूद इस दौरान समिति उपाध्यक्ष आनंद प्रसाद, समाजसेवी सुन्नी लाल निम्बाड़ा, प्रवीण आर्य, लक्ष्मण सिंह राजपुरोहित, अर्जुन कोली, अशोक कड़ेला, हर्षित सिंह शेखावत, मुकेश भाटी, मोहम्मद अद्रिस, महिपाल टेलर, बाबूलाल भाटी और गंगा राम हीरागर सहित कई लोग मौजूद रहे।