डीडवाना दीपावली का पावन पर्व अत्यंत निकट आ चुका है, लेकिन राज्य सरकार द्वारा अभी तक प्रदेश के लाखों कर्मचारियों को मिलने वाले बोनस तथा उपार्जित अवकाश के भुगतान को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया गया है। सरकार के इस रवैये से राज्य के कर्मचारियों में गहरा असंतोष और आक्रोश पनप रहा है।कर्मचारी महासंघ एकीकृत, राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में संगठन ने राज्य सरकार और माननीय मुख्यमंत्री से मांग की है कि कर्मचारियों के हक का तुरंत एकमुश्त भुगतान किया जाए।मांग की गई कि सभी राज्य कर्मचारियों के बैंक खातों में दीपावली बोनस की पूरी राशि का एकमुश्त भुगतान किया जाए।कर्मचारियों के बकाया उपार्जित अवकाश का निर्णय बिना किसी विलंब के शीघ्र जारी किया जाए।प्रदेश अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह राठौड़ ने कहा कि दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर बोनस और PL का भुगतान न होना कर्मचारियों की आर्थिक योजनाओं को प्रभावित कर रहा है। सरकार के ढुलमुल रवैये के कारण राज्यभर के कर्मचारियों में भारी रोष है।महासंघ ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि समय रहते एकमुश्त बोनस और उपार्जित अवकाश के भुगतान के आदेश जारी नहीं किए गए, तो प्रदेश के आक्रोशित कर्मचारी इस दीपावली के अवसर पर राज्यव्यापी विरोध दर्ज कराने को बाध्य होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।