बाड़मेर | राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय थोरियों की ढाणी में गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय हकलाहट जागरूकता दिवस पर कार्यक्रम हुआ। आयोजन का उद्देश्य छात्रों में सहपाठी संवेदनशीलता और सक्रिय श्रवण की आदत विकसित करना रहा। कार्यक्रम प्रभारी लेखराज गौड़ के निर्देशन में हुआ। स्कूल मैदान में विद्यार्थियों ने हकलाहट जागरूकता के प्रतीक रिबन के आकार में विशाल मानव श्रृंखला बनाई। इसके जरिए समानता और सहयोग का संदेश दिया गया। विशेष प्रार्थना सभा में छात्रों और शिक्षकों ने सामूहिक संकल्प लिया कि हकलाने या बोलने में अटकने वाले किसी भी सहपाठी का मजाक नहीं उड़ाया जाएगा। बातचीत के दौरान धैर्य रखने, पूरी बात सुनने और सम्मान देने की शपथ भी दिलाई गई।