पाली जिले के सुमेरपुर क्षेत्र में नेशनल हाईवे-62 पर निजी बस का टायर फटने के बाद स्टेपनी बदल रहे दो युवकों को तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर घायल हो गया। घायल को सुमेरपुर हॉस्पिटल में प्राथमिक इलाज देने के बाद रेफर कर दिया गया। वहीं, मृतक का शव पुलिस ने हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। बस का टायर बदलते समय ट्रेलर ने चपेट में लिया सुमेरपुर सदर थाने के हेड कॉन्स्टेबल जसवंत सिंह ने बताया - बुधवार को सुमेरपुर क्षेत्र में नेशनल हाईवे-62 पर एक निजी बस का टायर फट गया था। इसके बाद बस को सड़क किनारे खड़ा कर पाली जिले के देसूरी थाना क्षेत्र के दूदापुरा गांव निवासी छगनलाल (34) पुत्र राणाराम देवासी और मैकेनिक सलीम (32) टायर की स्टेपनी बदल रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे ट्रेलर के ड्राइवर ने लापरवाही बरतते हुए दोनों को टक्कर मार दी। एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल हादसे में छगनलाल देवासी की मौत हो गई। पुलिस ने शव को सुमेरपुर हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। वहीं, मैकेनिक सलीम गंभीर घायल हो गया। उसे सुमेरपुर हॉस्पिटल में प्राथमिक इलाज देने के बाद रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद ट्रेलर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस हाईवे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।