बांसवाड़ा ​जिले में पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन मुस्तैद है। गुरुवार को जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रजीत यादव ने पंचायत समिति तलवाड़ा क्षेत्र के मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कुशलपुरा, मसोटिया, भटवाड़ा, कोहाला, सागेता और तलवाड़ा के बूथों पर जाकर जमीनी हकीकत परखी और सुरक्षा के साथ मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। ​निरीक्षण के दौरान कई मतदान केंद्रों पर कमियां मिलने पर अधिकारी ने सख्त रुख अपनाया और संबंधित अधिकारियों को तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश दिए। कें​द्रवार दिए गए प्रमुख निर्देश ​भटवाड़ा: यहां निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्र पर बाउंड्री की मरम्मत कराने और अधूरे पड़े शौचालय का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करवाने के निर्देश दिए गए। ​कोहाला: इस केंद्र पर बिजली, पंखे और अन्य जरूरी प्रबंधों को समय रहते सुनिश्चित करने को कहा गया। ​कुशलपुरा: मतदान केंद्र परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। ​​स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव प्राथमिकता: डॉ. यादव ​जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. यादव ने अधिकारियों से कहा कि मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक और मूलभूत सुविधाएं समय रहते हर हाल में पूरी कर ली जाएं। मतदान के दिन किसी भी मतदाता या मतदान कार्मिक को जरा भी असुविधा का सामना न करना पड़े। ​उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। इस दौरान उनके साथ तहसीलदार सुंदरलाल मीणा, विकास अधिकारी महेश कुमार चौहान समेत अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।