डूंगरपुर| पंचायती राज चुनाव 2026 में चुनाव ड्यूटी आवंटन में कथित अनियमितताओं को लेकर राजस्थान शिक्षक संघ लोकतांत्रिक ने विरोध जताया है। संगठन ने जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर को ज्ञापन देकर ड्यूटी आदेशों की समीक्षा करने और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। जिलाध्यक्ष हरिओम पंचाल, प्रदेश संगठन महामंत्री विश्राम कटारा सहित पदाधिकारियों ने बताया कि दो चरणों में प्रस्तावित मतदान के लिए कई शिक्षकों की ड्यूटी दोनों चरणों में लगा दी गई है। इससे कर्मचारियों पर अतिरिक्त मानसिक और शारीरिक दबाव पड़ सकता है। संगठन ने बीएलओ के रूप में कार्यरत शिक्षकों को अतिरिक्त जिम्मेदारी के मद्देनजर राहत देने की मांग भी की। ज्ञापन में दिव्यांग, गंभीर बीमारियों से ग्रसित और सेवानिवृत्ति के नजदीक कर्मचारियों को नियमानुसार छूट देने का आग्रह किया गया। साथ ही ड्यूटी आदेशों पर 14 अक्टूबर की तारीख अंकित होने और 18 अक्टूबर को राजकीय अवकाश के दिन आदेश जारी होने के मामलों की जांच की मांग उठाई। इस दौरान वाडीलाल लबाना, प्रवीण रावल, विकास मेहता, अजमल डामोर, बलदेव सोमपुरा, हीरालाल गमेती, गंगा कोटेड, अनिता पंड्या, नाथूलाल यादव, मुकेश बुनकर, कैलाश बामणिया आदि उपस्थित रहे।