विजयादशमी पर श्री विजेश्वर नवयुवक रामलीला मंडल बजरिया सवाई माधोपुर ने मानटाउन क्लब से भगवान श्री राम की शोभायात्रा िनकाली गई। मुख्य अतिथि मानटाउन थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता थे। श्रीराम शर्मा ने बताया कि शोभायात्रा में आगे ऊंट और घोड़ा गाड़ी पर ध्वजधारी सेवक थे। इस दौरान टोंक से आए बजरंग व्यायामशाला के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक कला का प्रदर्शन किया। यात्रा में शामिल लोग डीजे पर बजते प्रभु भजनों पर नाचते, जयकारे लगाते चल रहे थे। शोभायात्रा में सजीव झांकियां आकर्षण का केन्द्र रही। भगवान श्री राम की शोभायात्रा का बजरिया में कई प्रतिष्ठानों और संस्थाओं ने जगह-जगह स्वागत किया। मोहनलाल कौशिक, वीरेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि शोभायात्रा में सजीव झांकियों के रूप में प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण, हनुमान, भगवान शंकर, मां पार्वती, सुग्रीव, जामवंत, नल, नील, अंगद, रावण, कुंभकर्ण, मेघनाद आदि शामिल रहे। अध्यक्ष लालचंद गौत्तम ने बताया कि शोभायात्रा मानटाउन क्लब से प्रारम्भ होकर अंबेडकर सर्कल, सब्जी मंडी चौराहा, मुख्य बाजार, टोंक बस स्टैंड, अग्रसेन सदन से होते सिविल लाइंस से हम्मीर पुलिया, रणथंभौर सर्कल से होते हुए दशहरा मैदान पहुंची, जहां श्री राम-रावण के बीच युद्ध हुआ। अंततः प्रभु श्रीराम द्वारा असत्य पर सत्य की जीत की और लंकेश रावण का अंत हुआ। इसके बाद रावण सहित कुंभकरण और मेघनाद के पुतले जलाए गए।