मेहरानगढ़ दुर्ग की ऐतिहासिक प्राचीरों के बीच जोधपुर रिफ में इतिहास की उन वीरांगनाओं, संतों, कवयित्रियों और रानियों के नाम रहेगा, जिनकी आवाजें आवाजें सदियों के शोर में कहीं दब गईं। 22 से 26 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले इस 19वें संस्करण में 25 अक्टूबर की शाम जनाना कोर्टयार्ड में एक अनूठा अंतरराष्ट्रीय संगीत संगम द बुक ऑफ क्वींस (फारसी में मलकेह नामेह) साकार होगा। जोधपुर रिफ द्वारा यह प्रोजेक्ट भारत में पहली बार (इंडियन प्रीमियर) प्रस्तुत किया जा रहा है। इसका सबसे खास पहलू यह है कि इस कॉन्सर्ट को विशेष रूप से मारवाड़ की महिलाओं और राजस्थान के इतिहास में उनके अप्रतिम योगदान को समर्पित किया गया है। कार्यक्रम मेहरानगढ़ दुर्ग के जनाना कोर्टयार्ड में होगा, जहां कभी रानियों और पटरानियों की मौजूदगी रहती थी। प्रोजेक्ट का कलात्मक नेतृत्व फारसी भाषी फ्रेंच ओपेरा गायिका कैमिली बोर्दे कर रही हैं। मूल रूप से यह यूरोप और ईरान के बीच महिला कला-संस्कृति का एक आख्यान था, लेकिन जोधपुर रिफ के साथ जुड़ते ही इसमें भारतीय शास्त्रीय और लोक परंपराओं को शामिल किया गया। अब यह तीन अलग-अलग संस्कृतियों—यूरोप के प्रारंभिक शास्त्रीय संगीत, ईरान की फ़ारसी परंपरा और भारत के आध्यात्मिक संगीत का अनूठा संगम बन चुका है। Cb breaking मीराबाई से लेकर हिल्डेगार्ड तक: 8 सदियों की महिला चेतना एक मंच पर द बुक ऑफ क्वींस में केवल संगीत नहीं, बल्कि मध्यकाल से लेकर आधुनिक युग तक की महिलाओं के प्रेम, भक्ति, विरह और स्वाभिमान की कहानियों को धुनों में पिरोया गया है। इसमें राजस्थान की भक्त शिरोमणि मीराबाई, कश्मीर की शैव संत ललद्यद (लाल देद) और कर्नाटक की अक्का महादेवी के पदों को फ़ारसी साहित्य की पहली महिला कवयित्री राबिया बल्खी, शाहनामा की योद्धा गोरदाफ़रीद, 12वीं सदी की जर्मन संत हिल्डेगार्ड ऑफ बिंगेन और इटली की संगीतकार बारबरा स्त्रोज़ी की रचनाओं के साथ आमने-सामने रखा गया है। खास जुगलबंदी: जब टकराएंगे थार का कमायचा और पर्शियन कमानचे इस प्रस्तुति में पूरब और पश्चिम के बेहद दुर्लभ पारंपरिक वाद्ययंत्र एक साथ सुर छेड़ेंगे। थार रेगिस्तान के युवा कमायचा वादक कोडे खान मांगणियार और प्रसिद्ध हिंदुस्तानी व सूफ़ी गायिका स्मिता बेल्लूर भारतीय सुरों का प्रतिनिधित्व करेंगे। वहीं ईरान के प्राचीन वाद्य ‘’’’कमानचे’’’’ पर सईद कामजू, तार पर मरियम ताज़देह और ताल वाद्य तोम्बक व डफ पर कनाडाई-ईरानी ड्रमर हामिन होनारी संगत करेंगे।