डूंगरपुर| पंचायती राज चुनाव में स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी देशलदान ने अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर बिजली, रोशनी, बैरिकेडिंग, पेयजल और मतदान दलों के ठहरने की व्यवस्था समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। सोमवार को डीओआईटी सभाकक्ष में वीसी में कलेक्टर ने रिटर्निंग अधिकारियों और विकास अधिकारियों से पंचायत समिति वार तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संवेदनशील मतदान केंद्रों का वर्गीकरण करने, दूरस्थ बूथों के लिए पहले से टीमें तय करने और अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट करने के निर्देश दिए। एसपी मनीष कुमार ने मतदान केंद्रों के आसपास निर्माण सामग्री हटवाने, खुले में पेट्रोल की बिक्री रोकने और बूथों तक जाने वाले रास्तों पर टेंट लगाने व भीड़ जुटाने पर रोक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में एएसपी खीव सिंह, एसडीएम सोनू कुमार गुर्जर, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी नवीन चंद्र मीणा सहित जिला और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।