श्रीगंगानगर| गंगानगर स्थापना दिवस-2026 पर जिले में उत्सव का माहौल है। 22 अक्टूबर से चल रहे कार्यक्रमों की कड़ी में 26 अक्टूबर को सुबह शिवपुर हेड पर विशेष पूजा-अर्चना होगी। शाम को सूरतगढ़ में एक शाम धोरों के नाम कार्यक्रम होगा। कलेक्टर डॉ. अमित यादव ने बताया कि 26 अक्टूबर की शुरुआत सुबह 7 बजे महाराजा गंगासिंह स्टेच्यू सर्किल पर माल्यार्पण से होगी। लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से अतिथियों का स्वागत करेंगे। सुबह 8:15 बजे शिवपुर हेड पर पूजा-अर्चना व सुबह 9:15 बजे पौधरोपण होगा। शाम 4 बजे से रात 8:30 बजे तक सूरतगढ़ में ‘एक शाम धोरों के नाम’ कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेगा। पर्यटन विभाग के अधिकारी पवन शर्मा ने बताया कि इसमें कैमल डांस होगा। कैमल सफारी होगी। ऊंट गाड़ा सफारी, जीप सफारी एवं डेजर्ट बाइक सफारी होगी। सांस्कृतिक संध्या में प्रदेशभर के कलाकार प्रस्तुति देंगे। जैसलमेर के लंगा-मांगणियार कलाकार लोक गायन करेंगे। जोधपुर का कालबेलिया व बीकानेर का भवई नृत्य होगा। इसके अलावा तराजू नृत्य, चकरी नृत्य, बालोतरा का लालगैर, किशनगढ़ का चरी नृत्य होगा। सूरतगढ़ का मस्क बीण, बीकानेर का कच्ची घोड़ी नृत्य होगा व रौबीले ग्रुप की प्रस्तुतियां होंगी। श्रीगंगानगर के पंजाबी ढोल की थाप पर दर्शक झूमेंगे।