टोंक शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में सवाई माधोपुर रोड स्थित पुलिया के पास रविवार देर रात के बाद चोरों ने हार्डवेयर और टीनशेड सामग्री की दुकान को निशाना बनाया। बदमाश दुकान के ताले तोड़कर अंदर घुसे और चांदी के सिक्के सहित करीब 15 से 20 हजार रुपए का सामान चोरी कर फरार हो गए। वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। ​सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो टूटा मिला ताला दुकान मालिक गणेश बंसल सोमवार सुबह करीब 8 बजे रोजाना की तरह दुकान खोलने पहुंचे। वहां मुख्य ताले टूटे हुए देखकर वे हैरान रह गए। अंदर जाकर देखा तो सामान अस्त-व्यस्त और बिखरा पड़ा था। गल्ले और काउंटर की जांच करने पर चोरी का पता चला। बदमाश दुकान से चांदी के सिक्के समेत अन्य कीमती सामान चुरा ले गए। तीन बाइक सवार बदमाशों ने की वारदात सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए तीन बदमाश बाइक पर आए थे। इनमें से एक साथी बाइक लेकर दुकान से कुछ दूरी पर निगरानी करता रहा, जबकि दो बदमाश दुकान के बाहर उतरे। दोनों ने कटर या किसी अन्य औजार की मदद से शटर का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर सामान चोरी कर लिया। वारदात के बाद तीनों मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दुकान मालिक से जानकारी जुटाई और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने के प्रयास शुरू किए हैं। चोरी की घटना सामने आने के बाद आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कई व्यापारी मौके पर पहुंचे और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस के प्रति नाराजगी जताई। घटना के बाद व्यापारियों में चिंता का माहौल है।