आगामी त्योहारों और पंचायतीराज चुनाव को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए गुरुवार को ट्रैफिक पुलिस ने अतिक्रमण और सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क पर खड़े दोपहिया-चारपहिया वाहनों, दुकानों के बाहर रखे सामान और ढकेलों के खिलाफ कार्रवाई की गई। टीम गुलाब बाग से सब्जी मंडी, हॉस्पिटल, कोतवाली थाना और महिला थाना होते हुए हिंडौन गेट तक पहुंची। पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के निर्देशन में एएसपी रामकुमार कस्वां और डिप्टी एसपी किशोर सिंह भदौरिया की निगरानी में अभियान चलाया गया। यातायात प्रभारी देवेश कुमार जाटव ने टीम का नेतृत्व किया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के कुल 75 चालान किए गए। इनमें तेज गति से वाहन चलाने पर 20, ब्लैक फिल्म के पांच, आम रोड श्रेणी में 25, बिना हेलमेट के 10 और नो पार्किंग में वाहन खड़े करने पर 15 चालान शामिल हैं। पुलिस ने दुकानदारों और ढकेल संचालकों को सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने तथा दुकानों के बाहर रखा सामान हटाकर रास्ता खाली रखने की हिदायत दी। वाहन चालकों को नो पार्किंग में वाहन खड़ा नहीं करने, तेज गति से वाहन नहीं चलाने और यातायात नियमों की पालना करने के लिए समझाइश दी गई। पुलिस के अनुसार सब्जी मंडी, हॉस्पिटल और अन्य प्रमुख मार्गों पर सड़क किनारे खड़े वाहन, दुकानों के बाहर रखा सामान और ढकेलें यातायात में बाधा बन सकते हैं। त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और पंचायतीराज चुनाव के दौरान संभावित यातायात दबाव को देखते हुए व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान चलाया गया।