उदयपुर की फलासिया थाना पुलिस ने बाइक पर स्टंट करने और लोगों को डराने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़े जाने के आरोपी ने कान पकड़कर माफी मांगी, जिसका वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में आरोपी ने कहा- ‘वह आज के बाद शराब पीकर कभी स्टंटबाजी नहीं करेगा। न ही किसी को परेशान करेगा।’ बाइक चलाकर खतरनाक स्टंट करने वालों की धरपकड़ कर रही पुलिस थानाधिकारी वेलाराम ने बताया कि आरोपी सचिन (23) पुत्र प्रकाश निवासी फलासिया को गिरफ्तार किया गया है। युवक का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह स्टंटबाजी करता नजर आया था। खेरवाडा डीएसपी विवेक सिंह के नेतृत्व में क्षेत्र में लगातार ऐसे बदमाशों पर निगरानी रखी जा रही थी। सड़कों और गली-मोहल्लों में लापरवाही से बाइक चलाकर खतरनाक स्टंट करने और आमजन को भयभीत कने की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। थानाधिकारी ने बताया कि ऐसे बदमाश स्टंटबाजी से राहगीरों और आमजन की जान जोखिम में डालते हैं। आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।