उदयपुर में अप्रैल के आखिरी सप्ताह में गर्मी का असर बढ़ गया है। शनिवार को तेज गर्मी और गर्म हवाओं से आमजन को परेशान होना पड़ा। गर्मी का असर सड़कों पर बेहद कम आवाजाही के रूप में देखने को मिला। शनिवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि 1 दिन पहले शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री था। महज 1 दिन में सीधे तापमान में 2.4 डिग्री की बढ़ोत्तरी हुई। शनिवार सुबह 11 बजे बाद से सूरज ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए थे। तब भी करीब 38 डिग्री तापमान था, जो धीरे-धीरे बढ़ता गया। इस सीजन में यह सबसे ज्यादा तापमान वाला गर्म दिन रहा। तेज धूप में निकला हुआ मुश्किल तपती धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर में घर से निकलना मुश्किल हो गया है। लोग लू से बचने के लिए नींबू शिकंजी, और कोल्ड-ड्रिंक, ठंडाई जैसी चीजों का सहारा ले रहे हैं। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार- उदयपुर का अधिकतम तापमान अभी 42 डिग्री सेल्सियस के करीब है, लेकिन तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण इसका असर ज्यादा है। रोड पर टू व्हीलर और पैदल निकलने वाले लोग हर कोई मुंह पर स्कॉफ और हेमलेट पहने दिखाई दिए। तेज गर्मी का असर शहर की व्यस्त सड़कों और पर्यटन स्थलों पर साफ दिखाई दे रहा है। दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे के बीच मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक में काफी कमी आ रही है, वहीं पर्यटन स्थलों पर भी सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है। 1 दिन पहले शुक्रवार को दिनभर मौसम ड्राई बना रहा और अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री रहा था, जबकि गुरुवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19.5 डिग्री दर्ज किया गया था।