उदयपुर शहर के गुप्तेश्वर मंदिर की तलहटी में गुरुवार को अचानक आग लगने से पहाड़ी क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग की तेज लपटें और ऊपर उठता धुएं का गुबार देख लोग हैरान हो गए। सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद काफी हद तक काबू पाया, लेकिन कुछ हिस्से में अभी भी धुआं उठ रहा है। पहाड़ी क्षेत्र में आग फैलने से पेड़-पौधों के साथ वन्यजीवों की जान पर भी खतरा बना हुआ है। आग की चपेट में आने से छोटे वन्यजीवों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट कारणों का पता नहीं लगा है। वन विभाग और पुलिस की टीमें पता कर रही हैं कि आग प्राकृतिक रूप से लगी या किसी ने जानबूझकर लगाई है।