उदयपुर के आरएनटी मेडिकल कॉलेज से सम्बद्ध हॉस्पिटल्स परिसर में ईको एंबुलेंस शुरू करने का निर्णय लिया गया है। जिससे गर्मी और बारिश के दौरान स्ट्रेचर पर मरीजों को ले जाने की समस्या से निजात मिलेगी। यह फैसला आरएमआरएस की बैठक में लिया गया, जिसमें मरीजों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई अहम निर्णय किए गए। दरअसल, शनिवार को आरएनटी मेडिकल कॉलेज से सम्बद्ध हॉस्पिटल्स में रोगियों के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित करने के उद्देश्य से राजस्थान मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी (आरएमआरएस) की बैठक हुई। यह बैठक संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी की अध्यक्षता में हुई। हॉस्पिटल्स को मिलेगी 6 ईको एम्बुलेंस कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. राहुल जैन ने बताया कि मरीजों को एक से दूसरे हॉस्पिटल्स में लाने ले जाने के लिए स्ट्रेचर का उपयोग करना पड़ता है। इससे गर्मी-बारिश में बड़ी समस्या होती है। इस पर राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया और उदयपुर लोकसभा सांसद मन्नालाल रावत ने सांसद मद से 3-3 एयर कंडीशन मारुति ईको एम्बुलेंस देने की घोषणा की। इन 6 एंबुलेंस की लागत 60 लाख रुपए है। इससे हॉस्पिटल परिसर में मरीजों का ट्रांसफर सुरक्षित और आरामदायक हो सकेगा। 2.6 करोड़ में खरीदेंगे 3 जनरेटर उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा ने हॉस्पिटल में कैंसर और अन्य बीमारियों की जांच के लिए आधुनिक साइटोलॉजी लैब स्थापित करने के लिए विधायक मद से 11 लाख रुपए देने की घोषणा की। इसके अलावा डीएमएफटी फंड से 2.6 करोड़ रुपए लागत से तीन बड़े जनरेटर सेट खरीदने का प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके अलावा आधुनिक ब्लड डोनेशन बस, हिरण मगरी सेटेलाइट में सीटी स्कैन मशीन, ऑडिटोरियम में आधुनिक ऑडियो व माइक सिस्टम के लिए आरएएमएम को प्रस्ताव भेजने पर निर्णय हुआ। बैठक में ये रहे मौजूद बैठक में एडीएम दीपेंद्र सिंह, एमबी हॉस्पिटल, सुपर स्पेशियलिटी, पन्नाधाय चिकित्सालय, टी.बी. हॉस्पिटल(बड़ी), सेठ राम विलास भुवालका यक्ष्मा आरोग्य सदन, सेटेलाइट हिरणमगरी और सेटेलाइट अंबामाता के अधीक्षक समेत क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए।