जालोर-सिरोही लोकसभा सीट पर प्रत्याशी रहे वैभव गहलोत ने शनिवार को जालोर में कहा कि भाजपा सरकार विकास कार्यों में विफल हो चुकी है। उनके पास निगाने लायक उपलब्धि नहीं है। वैभव गहलोत ने पंचायत चुनाव में आगामी रणनीति को लेकर आहोर क्षेत्र के चांदराई गांव सहित उम्मेदाबाद, जीवाणा और सियावट में जनसभाएं कीं। जनसभाओं में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार किया। कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव मैदान में जुटने का आह्वान किया। चांदराई में बोले-भाजपा के पास बताने लायक उपलब्धि नहीं चांदराई गांव में वैभव गहलोत ने जिला परिषद सदस्य प्रत्याशी संतोष कंवर, पंचायत समिति सदस्य प्रत्याशी उमसिंह सहित अन्य कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में वोट मांगे। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा- राजस्थान में पिछले तीन साल से भाजपा सत्ता में है। लेकिन सरकार के पास जनता को विकास के नाम पर गिनाने के लिए कोई उल्लेखनीय नहीं है। सरकार ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के नाम बदले हैं। जबकि प्रदेश के गांवों में आज भी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। राजीव गांधी भवन में हुई कांग्रेस की संयुक्त बैठक इसके बाद जिला कांग्रेस कमेटी जालोर की ओर से दोपहर 1 बजे राजीव गांधी भवन में संयुक्त बैठक हुई। इसमें वैभव गहलोत मुख्य अतिथि रहे। पूर्व मंत्री पुखराज पाराशर विशिष्ट अतिथि रहे। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष रमिला मेघवाल ने की। इसमें नवनिर्वाचित सभापति, उपसभापति, पार्षदों, पार्षद प्रत्याशियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में वैभव गहलोत ने नगर परिषद चुनावों में कांग्रेस पर विश्वास जताकर कांग्रेस का बोर्ड बनाने के लिए जालोर की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा- नगर परिषद चुनावों में जनता ने कांग्रेस को जो समर्थन दिया है, उसे पंचायत राज चुनावों में भी बरकरार रखना होगा। गांव-गांव तक पहुंचाएं कांग्रेस की नीतियां गहलोत ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाने की अपील की। उन्होंने भाजपा सरकार की कथित विफलताओं को जनता के सामने रखने और पंचायत राज चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा- पंचायत राज चुनावों में कांग्रेस को जीत दिलाकर जनहित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाना चाहिए। इसके बाद वैभव गहलोत ने उम्मेदाबाद, जीवाणा और सियावत में भी जनसभाओं को संबोधित कर कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में समर्थन मांगा।