झालावाड़| पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण की वोटिंग समाप्त होने के साथ ही दूसरे चरण की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। इसी के साथ ही प्रत्याशियों ने मतदाताओं तक पहुंच बनाने के लिए अपने-अपने स्तर पर कवायद शुरू कर दी है। कोई ग्रामीणों से मेल-मुलाकात कर रहा है तो कोई सोशल मीडिया के जरिए अपनी मौजूदगी दर्ज कराने में जुटा है। इस बार चुनावी तैयारी में तकनीक का नया रंग भी देखने को मिल रहा है। मोबाइल में एआई की मदद से महज दो मिनट में भावी सरपंच का ऐसा डिजिटल रूप तैयार हो रहा है, जिसमें प्रत्याशी को सरपंच की कुर्सी पर बैठा दिखाया जा सकता है। गांवों में प्रचार का यह हाइटेक अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बन रहा है। जिले में कुल 270 ग्राम पंचायतें हैं जिनमें से 128 में प्रथम चरण में चुनाव हो चुके हैं। अब दूसरे चरण के चुनाव होने हैं। इसी पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।