शहर के सात वार्डों में 72 से 90 घंटे के अंतराल से हो रही पेयजल आपूर्ति और कम प्रेशर की समस्या के विरोध में लोग शुक्रवार को जल अधिकार यात्रा निकालेंगे। वार्ड 60 से 66 तक के नागरिक और जनप्रतिनिधि सुबह 11 बजे अटल उद्यान में एकत्रित होंगे। यहां से यात्रा के रूप में टेंपो स्टैंड, लोहाखान स्थित जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) के अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचकर घेराव किया जाएगा और नियमित जलापूर्ति की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा। आयोजकों के अनुसार, वार्ड 60, 61, 62, 63, 64, 65 और 66 में लंबे समय से पेयजल आपूर्ति अनियमित है। कई क्षेत्रों में तीन से चार दिन तक पानी नहीं मिलने और कम प्रेशर से घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंचने के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि विभाग को बार-बार समस्या से अवगत कराने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हुआ। इसी के विरोध में जल अधिकार यात्रा निकालने का निर्णय लिया गया है। कांग्रेस पार्षद शामिल होंगे प्रदर्शन में: पार्षद आशा तुनवाल, नौरत गुर्जर, गणेश चौहान, पुष्पा जेदिया, भावना चौहान, मीनाक्षी मीणा और वार्ड 63 से पार्षद प्रत्याशी मोहसिन खान सहित वार्डवासी शामिल होंगे। आज अटल उद्यान से निकलेगी कांग्रेस की जल अधिकार यात्रा