करौली| शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में मंगलवार को विजयादशमी और दशहरा धार्मिक आयोजनों के साथ मनाया गया। नवरात्र के दौरान चले रामायण पाठ और अन्य अनुष्ठानों का हवन-यज्ञ के साथ समापन हुआ। कई घरों में अस्त्र-शस्त्र और वाहनों का पारंपरिक पूजन किया गया। दशहरे के दिन लोगों ने घरों में कन्या पूजन किया। छोटी कन्याओं की पूजा-अर्चना के बाद हलवा-पूरी का भोग कराया गया। उपहार देकर व्रत खोले गए। शहर के अलग-अलग गली-मोहल्लों में बच्चों और युवाओं ने रावण और अन्य पुतलों का दहन किया। शिव कॉलोनी और झील का हार क्षेत्र स्थित अमरदास आश्रम में नौ दिवसीय अखंड रामायण पाठ के बाद कन्या पूजन और भोजन कराया गया। कार्यक्रम विवेकानंद दास के सानिध्य में हुआ। अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में गायत्री शक्ति पीठ पर शारदीय नवरात्र साधना अनुष्ठान की पूर्णाहुति विजयादशमी को हुई। प्रवक्ता राजेंद्र दीवान ने बताया कि कन्याओं और लांगुरियाओं को प्रसाद वितरित किया गया।